मुस्कुराई के लाल को सुप्रीम कोर्ट की राह: जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय के नाम की कॉलेजियम ने की सिफारिश, जिले में खुशी की लहर

जलालपुर, अंबेडकरनगर। दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार उपाध्याय को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश बनाए जाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 28 सितंबर को उनके नाम की सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के लिए सिफारिश की है। यह खबर सामने आते ही उनके पैतृक गांव मुस्कुराई समेत पूरे अंबेडकरनगर में खुशी की लहर दौड़ गई। परिचितों, शुभचिंतकों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार उपाध्याय के अलावा गुजरात और तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों के नामों की भी सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के लिए सिफारिश की है। हालांकि, कॉलेजियम की सिफारिश के बाद नियुक्ति की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने पर ही न्यायमूर्ति उपाध्याय सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
मुस्कुराई गांव से शुरू हुआ सफर, देश की सर्वोच्च अदालत तक पहुंची पहचान
न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार उपाध्याय का जन्म 16 जून 1965 को अंबेडकरनगर जिले के मुस्कुराई गांव में हुआ था। उन्होंने लखनऊ के काल्विन तालुकदार कॉलेज से शिक्षा प्राप्त करने के बाद वर्ष 1991 में लखनऊ विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री हासिल की। 11 मई 1991 को अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण के बाद उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में वकालत शुरू की।
अपने न्यायिक करियर से पहले उन्होंने अपने पिता आरए उपाध्याय के साथ वकालत की। इसके बाद वरिष्ठ अधिवक्ता मोहम्मद आरिफ खान और एसके कालिया के साथ भी उन्होंने कार्य किया।
उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य स्थायी अधिवक्ता भी रहे
मई 2007 में न्यायमूर्ति उपाध्याय को उत्तर प्रदेश सरकार का मुख्य स्थायी अधिवक्ता नियुक्त किया गया। इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त होने तक उन्होंने इस पद की जिम्मेदारी संभाली।
21 नवंबर 2011 को उन्हें इलाहाबाद हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। छह अगस्त 2013 को वे स्थायी न्यायाधीश बने। 28 मार्च 2023 को उन्हें इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ का वरिष्ठ न्यायाधीश बनाया गया।
इसके बाद 29 जुलाई 2023 को उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। 21 जनवरी 2025 को उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पद संभाला।
शुभचिंतकों ने जताई खुशी
सुप्रीम कोर्ट में संभावित पदोन्नति की खबर से अंबेडकरनगर में उनके परिचितों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल है। सुरेंद्र देव पांडेय, सुनील कुमार मिश्र, भाजपा नेता डॉ. मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, सपा नेता डॉ. राजेश सिंह, सिद्धार्थ मिश्र, पूर्व नगर अध्यक्ष भाजपा संजीव मिश्रा, एडीओ पंकज शुक्ल, संत प्रसाद पांडेय समेत अन्य लोगों ने खुशी जताते हुए न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार उपाध्याय को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
