गीली आउटफील्ड के चलते आयोजकों ने लिया फैसला, प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की आठ टीमें लेंगी हिस्सा

जलालपुर, अंबेडकरनगर। आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज, जलालपुर के खेल मैदान पर 26 और 27 सितंबर को प्रस्तावित जलालपुर प्रीमियर लीग राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट को भारी वर्षा के कारण स्थगित कर दिया गया है। अब प्रतियोगिता के मुकाबले 4 और 5 अक्टूबर को आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। आयोजकों की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए तैयारियां की जा रही थीं, लेकिन लगातार हुई बारिश के चलते मैदान की आउटफील्ड गीली हो गई। ऐसे में खिलाड़ियों की सुरक्षा और मैच के सुचारु आयोजन को देखते हुए निर्धारित तिथियों में मुकाबले कराना संभव नहीं हो सका।

आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली विजेता टीम को एक लाख रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
आयोजन टीम से जुड़े जफर हैदरी नाजिश ने बताया कि लगातार हो रही भारी बरसात के कारण खेल मैदान की आउटफील्ड काफी गीली हो गई है। खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 26 और 27 सितंबर के मुकाबले स्थगित कर अब 4 और 5 अक्टूबर को कराने का निर्णय लिया गया है।
नई तिथियों की घोषणा के बाद क्रिकेट प्रेमियों में एक बार फिर टूर्नामेंट को लेकर उत्साह बढ़ गया है। आयोजकों का कहना है कि मौसम अनुकूल रहने पर दोनों दिनों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुकाबले कराए जाएंगे।
