छोटे पुल के पास नदी किनारे 25×15 मीटर के मंच का होगा निर्माण, नगर पालिका ने शुरू किया स्थल निरीक्षण

जलालपुर, अंबेडकरनगर। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली दिक्कतों को देखते हुए प्रशासन ने स्थायी व्यवस्था की दिशा में कदम बढ़ाया है। उद्योग बंधु की बैठक में उठाई गई मांग के बाद जिलाधिकारी ने नदी किनारे स्थायी मंच निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके बाद नगर पालिका की टीम ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है।
बताया गया कि छोटे पुल के पास नदी किनारे करीब 25 मीटर लंबा और 15 मीटर चौड़ा मंच बनाया जाएगा। मंच के निर्माण से दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने के साथ ही प्रशासनिक व्यवस्थाओं को भी बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा।

विसर्जन स्थल पर स्थायी सुविधाओं की मांग उत्तर प्रदेश सरकार संघ के प्रदेश मंत्री एवं भाजपा पिछड़ा वर्ग के पूर्व जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न सोनी, व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष देवेश मिश्रा, आशीष सोनी समेत अन्य लोगों ने उठाई थी। मांग को उद्योग बंधु की बैठक में प्रमुखता से रखा गया, जिसके बाद प्रशासन ने प्रस्ताव को मंजूरी दी।
शत्रुघ्न सोनी ने बताया कि मंच निर्माण की प्रक्रिया नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी की देखरेख में आगे बढ़ाई जा रही है। स्थायी मंच बनने से प्रत्येक वर्ष दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान अस्थायी इंतजामों पर निर्भरता कम होगी और श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थित विसर्जन स्थल उपलब्ध हो सकेगा।
