
जलालपुर, अंबेडकरनगर। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतों को सुनने के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह मौजूद रहीं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें छह मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से संबंधित दो मामले तत्काल निस्तारित किए गए। इसके अलावा राशन कार्ड और आपूर्ति विभाग से जुड़े मामलों में भी फरियादियों को मौके पर राहत दी गई। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय-सीमा में जांच कर निस्तारण के निर्देश दिए गए।
भूमि विवादों में मौके पर पहुंचेगी संयुक्त टीम
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भूमि विवाद तथा अन्य राजस्व संबंधी मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट कहा गया कि शिकायतों के निस्तारण में महज कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि आवश्यकता के अनुसार मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करें।
फरियादियों को कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश
अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों से कहा गया कि शिकायतकर्ता को उसके प्रकरण में की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, जिससे निस्तारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन प्रत्येक माह के द्वितीय शनिवार को तहसील स्तर पर किया जाता है। इसका उद्देश्य आमजन की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
