रामलीला मैदान से निकली यात्रा, मांग पूरी होने तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रखने का ऐलान

जलालपुर, अंबेडकरनगर। पिछड़े वर्गों की जातिवार गणना कराए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा का आंदोलन तेज हो गया है। आंदोलन के चौथे चरण के तहत शनिवार को रामलीला मैदान से साइकिल यात्रा निकालकर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। तहसील संयोजक घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में निकली यात्रा में कार्यकर्ताओं ने जातिवार गणना की मांग को लेकर नारेबाजी की।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि पिछड़े वर्गों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक स्थिति का वास्तविक आकलन करने के लिए जातिवार गणना जरूरी है। इससे विभिन्न वर्गों की आबादी और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति से संबंधित वास्तविक आंकड़े सामने आ सकेंगे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जातिवार गणना कराए जाने की मांग की।
रामलीला मैदान से शुरू हुई साइकिल यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर आगे बढ़ी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांग के समर्थन में नारे लगाए और सरकार का ध्यान जातिवार गणना की ओर आकर्षित किया।
मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि जातिवार गणना की मांग को लेकर आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। मांग पूरी होने तक संगठन की ओर से विभिन्न स्तरों पर आंदोलनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
साइकिल यात्रा में मोर्चा के सचिव राजेश यादव, देवेंद्र गौड़, मनोराम यादव, शौकी लाल, श्रीपति, राजदेव यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
