चौबे का पूरा गांव के 400 घरों की राह का मुद्दा उठा, व्यापारियों ने सड़क किनारे खोदे गए गड्ढों की शिकायत की

जलालपुर, अंबेडकरनगर। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस में फरियादियों की कुल 73 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से छह मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी मधुमिता सिंह ने की।
समाधान दिवस में क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह, तहसीलदार शिव प्रकाश यादव, नायब तहसीलदार हरिराम गौतम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सड़क किनारे गड्ढों से परेशानी, व्यापारियों ने सौंपा प्रार्थना पत्र
समाधान दिवस में उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आनंद जायसवाल और पूर्व नगर अध्यक्ष देवेश कुमार मिश्रा समेत कई व्यापारी पहुंचे। व्यापारियों ने सड़क किनारे गड्ढे खोदे जाने से राहगीरों और दुकानदारों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाते हुए अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपा।

व्यापारियों ने मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई और सड़क किनारे खोदे गए गड्ढों से उत्पन्न समस्या का समाधान कराने की मांग की।
400 घरों के लोगों के आवागमन का रास्ता बना समस्या
वहीं ग्राम सभा बड़ागांव के चौबे का पूरा गांव के ग्रामीणों ने आवागमन के रास्ते की समस्या को लेकर अधिकारियों से गुहार लगाई। ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से रास्ते की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में कई बार तहसील समाधान दिवस और जिलाधिकारी के समक्ष भी प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दिनों में रास्ते पर जलभराव होने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो जाता है। इससे गांव के करीब 400 घरों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोग संबंधित भूमि को अपनी बताते हुए रास्ते की मरम्मत का विरोध करते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से भूमि की जांच कराकर आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। अधिकारियों ने शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
