परिवारिक कलह के बाद संविदा लाइनमैन ने उठाया आत्मघाती कदम, दूसरी घटना में सड़क किनारे मिले शव ने खड़े किए सवाल
जलालपुर, अंबेडकरनगर। जलालपुर सर्किल क्षेत्र में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। मालीपुर थाना क्षेत्र में जहां एक संविदा लाइनमैन का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला, वहीं जैतपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पारिवारिक कलह के बाद फंदे से लटका मिला शव
मालीपुर थाना क्षेत्र के खपुरा गांव निवासी जयराम (40) शुक्रवार रात अपने घर में फंदे से लटके मिले। बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। परिजनों को घटना की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई।

मृतक जयराम (फाइल फोटो)
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जय राम बिजली विभाग में संविदा पर लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे। उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सड़क किनारे पड़ा मिला युवक का शव
दूसरी घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के कुसुमखोर के पास शनिवार सुबह सामने आई। यहां सड़क किनारे सोनू (38) पुत्र फिरतू, निवासी नंदेश्वर, थाना जैतपुर, जनपद अंबेडकरनगर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला।
सुबह सड़क किनारे शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
