– एसएसबी 22वीं बटालियन कैंप कार्यालय में हुई बैठक
महराजगंज। भारत–नेपाल समन्वय समिति की बैठक 22वीं बटालियन एसएसबी, कैंप कार्यालय में रविवार को हुई। जिसमें जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि
नेपाल से भारत आने वाले मुख्य मार्गों और पगडंडियों पर निगरानी बढ़ाई जाए।
बैठक में नेपाल में प्रस्तावित आगामी प्रतिनिधि सभा चुनाव के दृष्टिगत सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी और सुरक्षा बढ़ाने पर चर्चा हुई। डीएम ने एसएसबी, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को अराजक तत्त्वों के आवागमन पर नियंत्रण लगाने के लिए नेपाली प्रशासन के साथ समन्वय करने के लिए आश्वस्त किया।
नेपाली प्रशासन के अनुरोध पर नेपाल भारत सीमा पर दो मार्च की मध्य रात्रि से सामान्य आवागमन को बंद रखने पर सहमति बनी, जबकि इस दौरान आवश्यक और आपातकालीन सेवाएं जैसे एंबुलेंस, पेट्रोलियम, एलपीजी आदि का परिवहन दोनों देशों के प्रशासन के परस्पर समन्वय से संचालित रहेगा।
जिलाधिकारी ने नेपाली प्रशासन को आगामी चुनावों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। दोनों देशों में सुरक्षा व्यवस्था को कायम रखने और अराजक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक उपायों पर चर्चा हुई।
——————-
बैठक में यह रहे मौजूद
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा सहित भारत और नेपाल के वरिष्ठ अधिकारी सम्मिलित रहे।
