सफाई व्यवस्था को लेकर मिल रही शिकायतों पर नगर पालिका गोदाम पहुंचीं एसडीएम मधुमिता सिंह, सभी वार्डों में नियमित छिड़काव के निर्देश

जलालपुर, अंबेडकरनगर। नगर पालिका क्षेत्र में एंटी लार्वा दवा के छिड़काव, फॉगिंग और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच गुरुवार को उपजिलाधिकारी मधुमिता सिंह ने नगर पालिका के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के साथ उपलब्ध अन्य संसाधनों और स्टॉक की जानकारी ली।
एसडीएम ने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि मच्छरों के प्रकोप और जलभराव वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर नियमित रूप से एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जाए। इसके साथ ही सभी वार्डों में फॉगिंग और साफ-सफाई की व्यवस्था प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में फॉगिंग के राउंड, एंटी लार्वा छिड़काव तथा उपलब्ध संसाधनों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए समय-समय पर दवा का छिड़काव किया जाना जरूरी है, ताकि मच्छरों के प्रकोप को नियंत्रित किया जा सके।
सफाई व्यवस्था के दावे पर पत्रकार ने उठाए सवाल
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने नगर क्षेत्र में नियमित रूप से एंटी लार्वा का छिड़काव और साफ-सफाई कराए जाने की बात कही। इसी दौरान मौके पर मौजूद एक स्थानीय पत्रकार ने नगर क्षेत्र में सामने आ रही सफाई संबंधी समस्याओं का हवाला देते हुए अधिकारी के दावे पर सवाल उठाया।
इसको लेकर ईओ और पत्रकार के बीच तीखी बहस की स्थिति बन गई। विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी मधुमिता सिंह ने हस्तक्षेप किया और नगर क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने की बात कही।

एसडीएम ने कहा कि नगर क्षेत्र में सफाई, फॉगिंग या एंटी लार्वा छिड़काव से संबंधित कहीं कोई समस्या है तो उसकी जानकारी प्रशासन को दी जाए, ताकि संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराई जा सके।
अब व्यवस्था की जमीनी हकीकत पर रहेगी नजर
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ लिपिक राम प्रकाश पांडेय समेत नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। एसडीएम के औचक निरीक्षण के बाद नगर के सभी वार्डों में फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और सफाई व्यवस्था को लेकर दिए गए निर्देशों का कितना प्रभाव दिखाई देता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।
