शिकायत करने पहुंची महिला और परिजनों से मारपीट का आरोप, सिर में चोट लगने से युवक घायल; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

जलालपुर, अंबेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के माधोपुर डिघौटा गांव में बकरी द्वारा आम का पेड़ खा लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि शिकायत करने पहुंची महिला और उसके परिजनों के साथ पड़ोसियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। मारपीट के दौरान महिला के एक हाथ से दिव्यांग पुत्र हिमांशु के सिर पर भी हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है।
माधोपुर दिघौटा गांव निवासी कबूतरा पत्नी कुंज बिहारी ने जलालपुर कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत की। महिला के अनुसार, उनके घर के पास लगे आम के पेड़ को पड़ोसियों की बकरी ने खा लिया था। इसी बात को लेकर वह पड़ोसियों के घर शिकायत करने पहुंचीं। आरोप है कि बातचीत के दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
पीड़िता का आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से उसके और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इसी दौरान उसके पुत्र हिमांशु को भी निशाना बनाया गया। हिमांशु एक हाथ से दिव्यांग है। आरोप है कि उसके सिर पर लाठी-डंडे से प्रहार किए जाने से वह घायल हो गया। मारपीट में कबूतरा को भी चोटें आने की बात कही गई है।
घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
