HomeCrimeहोली पर कड़ा सुरक्षा घेरा: पुलिस, पीएसी व मोबाइल टीम तैनात

होली पर कड़ा सुरक्षा घेरा: पुलिस, पीएसी व मोबाइल टीम तैनात

- Advertisement -

-सभी थानों में 137 क्लस्टर मोबाइल, हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

महराजगंज। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिले में मजबूत सुरक्षा घेरा तैनात किया गया है। पर्व को लेकर जिले को चार जोन और 19 सेक्टर में विभाजित कर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
एक से चार मार्च तक होली को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पर्व के साथ रमजान माह को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। एसपी के निर्देश के क्रम में सुरक्षा व्यवस्था के तहत अतिरिक्त फोर्स के रुप में 10 निरीक्षक, 26 उपनिरीक्षक, 164 हेड कांस्टेबल, 27 महिला आरक्षी, 2 प्लाटून पीएसी और 6 फायर टेंडर लगाए गए हैं। इसके अलावा सभी थानों में कुल 137 क्लस्टर मोबाइल टीमें गठित की गई हैं, जो अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर हालात पर नजर रखेंगी और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करेंगी। संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ अतिरिक्त बल तैनात रहेगा।
——————-
विवादित रहे होलिका दहन स्थलों का कर लिया गया है निरीक्षण
विवादित रहे होलिका दहन स्थलों और जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर लिया गया है। संबंधित थानाध्यक्षों को त्योहार रजिस्टर का अवलोकन कर लंबित विवादों का पूर्व निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अति संवेदनशील स्थानों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस पिकेट तैनात रहेंगे।
——————
जुलूस मार्गों का किया गया है सर्वेक्षण
होली के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों के मार्ग का पूर्व सर्वेक्षण कर लिया गया है। जुलूस के दौरान ड्यूटी बॉक्स फॉर्मेशन में लगाई जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर रूफ टॉप ड्यूटी भी की जाएगी। बिना अनुमति डीजे और लाउडस्पीकर के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी पूरी तरह वर्जित रहेगी।
——————-
सीसीटीवी से होगी बाजारों की निगरानी
भीड़भाड़ वाले बाजारों, चौराहों और प्रमुख प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। ड्रोन कैमरों की सहायता से भी संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी।
——————–
अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाएं और आमजन के साथ सौम्य व्यवहार रखें। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और भाईचारा बनाए रखें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
सोमेंद्र मीणा, पुलिस अधीक्षक

- Advertisement -
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -