जलालपुर, अंबेडकरनगर। विधानसभा क्षेत्र जलालपुर के ग्राम करमैनी में रविवार को पीडीए जन संवाद सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें मौर्य समाज समेत विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार, लोकतांत्रिक अधिकार तथा समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

सम्मेलन के आयोजक समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला महासचिव सुभाष मौर्य रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जलालपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े डॉ. अभिषेक सिंह थे। इस दौरान वक्ताओं ने सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी समन्वय को मजबूत करने पर बल दिया।

डॉ. अभिषेक सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, अधिकार और बराबरी का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने शिक्षा और रोजगार को सामाजिक व आर्थिक परिवर्तन का आधार बताते हुए युवाओं से जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न वर्गों के बीच संवाद और समन्वय समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

आयोजक सुभाष मौर्य ने कहा कि जन संवाद का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और विचारों पर खुलकर चर्चा करना है। उन्होंने बताया कि सामाजिक एकता और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन जगदंबा प्रसाद मौर्य ने किया तथा अध्यक्षता इंद्रजीत मौर्य ने की। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मौर्य समाज के वरिष्ठजन, युवा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
