जलालपुर, अंबेडकरनगर। कन्या सीनियर बेसिक विद्यालय में विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक के साथ प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इको क्लब फॉर मिशन लाइफ कार्यक्रम के तहत विश्व ओजोन दिवस पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल, पेन और कॉपी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने क्विज, पोस्टर और नारा लेखन प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कक्षा सात की असरा मरियम, तसमिया फातमा और मस्तूर फातमा को क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। वहीं उजमा खातून, इफ्फत और सिदरा को पोस्टर तथा शिफा खातून, असरा फातमा और साक्षी को नारा लेखन प्रतियोगिता में पुरस्कृत किया गया।

इसके अलावा कक्षा आठ की जिकरा एरम, इकरा फातमा और काव्या गौड़ तथा कक्षा छह की अकदस फातमा और अदीफा अशरफ को भी सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर छात्राओं में उत्साह नजर आया।
विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठा
विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। समिति के उपाध्यक्ष मोहम्मद खोबैब ने विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग रखी। उनका कहना था कि शिक्षकों की कमी का असर छात्राओं की पढ़ाई पर पड़ सकता है।

समिति अध्यक्ष सेरातुन्निसा ने छात्राओं के लिए खेल मैदान की आवश्यकता बताते हुए विद्यालय परिसर की बाउंड्रीवाल को भी जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि बाउंड्रीवाल होने से विद्यालय परिसर अधिक सुरक्षित रहेगा और छात्राओं को बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
प्रभारी प्रधानाध्यापक ने दोनों समस्याओं से शासन को पुनः अवगत कराने और आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
सीमित संसाधनों में बेहतर शिक्षा के प्रयास की सराहना
समिति सदस्यों ने सीमित संसाधनों के बावजूद छात्राओं को बेहतर शिक्षण उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं।

इस अवसर पर मोहम्मद अशरफ, सिराज, निजाम अशरफ, पार्वती, शर्मिला, सीमा, शहनाज, लक्ष्मी देवी, शारदा देवी सहित विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य और अन्य लोग मौजूद रहे।

