काशीराम आवास के पास वारदात, ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त कर कीमती कॉपर कोर ले गए चोर; विद्युत विभाग ने कोतवाली में दी तहरीर

जलालपुर, अंबेडकरनगर। जलालपुर-मिर्जापुर मार्ग पर काशीराम आवास के पास एक ही रात में दो विद्युत ट्रांसफार्मरों से कॉपर कोर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने ट्रांसफार्मरों को पोल से नीचे गिराकर क्षतिग्रस्त किया और उनके अंदर लगा कीमती कॉपर कोर निकालकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र जलालपुर में अवर अभियंता के पद पर तैनात अमित कुमार पटेल ने जलालपुर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर घटना की शिकायत की है। तहरीर के मुताबिक जलालपुर-मिर्जापुर मार्ग स्थित काशीराम आवास के पास विद्युत आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मर और एलटी लाइन स्थापित है। अज्ञात लोगों ने दोनों ट्रांसफार्मरों को पोल से नीचे गिराकर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया और अंदर लगा कॉपर कोर चोरी कर लिया।
चोरों ने ट्रांसफार्मर के अंदरूनी हिस्से तक पहुंचने के लिए उन्हें बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया। एक ही रात में दो ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाए जाने से विद्युत विभाग की सरकारी संपत्ति की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के चलते संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
विद्युत विभाग की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में अज्ञात चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार चोरी और तोड़फोड़ से हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
एक ही रात में दो ट्रांसफार्मरों से कॉपर कोर चोरी की वारदात ने क्षेत्र में विद्युत उपकरणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच में यह सामने आना बाकी है कि वारदात को अंजाम देने वाले चोर कौन थे और चोरी किया गया कॉपर कोर कहां खपाया गया।
