– लक्ष्मीपुर क्षेत्र विकास मंच के संरक्षण की अगुवाई में सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर ने किया दौरा
लक्ष्मीपुर (महराजगंज)। लक्ष्मीपुर की ऐतिहासिक विरासत को संजोने के लिए ‘लक्ष्मीपुर क्षेत्र विकास मंच’ के कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। ब्रिटिशकालीन इस धरोहर को बचाने के लिए नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी के नेतृत्व में स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के मंडल रेल प्रबंधक को सौंपे गए पत्रक का संज्ञान लेते हुए रेलवे की एक उच्चस्तरीय टीम लक्ष्मीपुर पहुँची। शनिवार को सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर नीलेश कुमार अपनी टीम के साथ लक्ष्मीपुर के एकमा डिपो पहुंचे। यहा उन्होंने 100 साल पुरानी ऐतिहासिक ट्राम्वे इंजनों का बारीकी से निरीक्षण किया।
प्रदर्शनी के रूप में संरक्षित करने का दिया आश्वासन :-
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि इन ऐतिहासिक इंजनों में से दो इंजनों को लखनऊ में और एक इंजन को लक्ष्मीपुर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनी के उद्देश्य से संरक्षित किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय व्यापारियों, पर्यटकों और विशेषकर युवा पीढ़ी को क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराना है। इस कदम से क्षेत्र के लोगों में अपनी धरोहर के सुरक्षित होने की नई उम्मीद जगी है।
इस दौरान यह रहे मौजूद :-
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश मिश्रा सहित विकास मंच के तमाम कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
