HomeUttar Pradeshसमाधान दिवस के 135 शिकायती पत्रों में 9 निस्तारित, अवशेष को डीएम...

समाधान दिवस के 135 शिकायती पत्रों में 9 निस्तारित, अवशेष को डीएम ने दिए निर्देश

जलालपुर, अंबेडकर नगर। तहसील सभागार में शनिवार को तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रत्येक माह के पहले और तीसरे शनिवार को आयोजित किया जाता है, जिसमें आम जनता अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होती है।

इस बार समाधान दिवस में जिलाधिकारी की जगह मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आनंद कुमार शुक्ला पहुंचे और उन्होंने जनसुनवाई की। उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता, क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जयप्रकाश, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अरविन्द कुमार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता झब्बू राम, क्षेत्रीय वन अधिकारी स्नेह कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर कुल 135 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से नौ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में बिजली, स्वास्थ्य, राजस्व, पुलिस, शिक्षा और सफाई व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और शासन की योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचे।

RELATED ARTICLES

Most Popular