-
करेंट से झुलसे मासूम के परिजनों ने विभाग के अधिकारियों पर लगाए लापरवाही का आरोप
जलालपुर, अंबेडकर नगर। कस्बे में विद्युत विभाग की लापरवाही से एक मासूम बच्चे के झुलसने का मामला सामने आया है। बच्चे की मां रेशमा खातून पत्नी मोहम्मद इस्माइल ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर विभागीय जेई पर अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगाया है।
तहसील समाधान दिवस पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक को सौंपे अपने पत्र में पीड़िता ने बताया है कि उनका नौ वर्षीय पुत्र मोहम्मद वकास दिनांक 9 अगस्त को घर के सामने नीचे झूल रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया था जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। मोहल्लेवालों की मदद से स्थानीय डॉक्टरों से उसका उपचार कराया जा रहा है।
रेशमा खातून का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर अशोक कुमार से तारों को ऊंचा करने की मांग की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 26 सितंबर को जब मोहल्ले में ट्रांसफार्मर का कार्य हो रहा था तब उन्होंने फिर से अनुरोध किया जिस पर जेई ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि “यहाँ से भाग जाओ, तार ऐसे ही रहेगा।”पीड़िता के अनुसार, हादसे में उनके पुत्र के हाथों की चार उंगलियाँ काटनी पड़ीं और दोनों पैरों के तलवे झुलस चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी जेई काफ़ी दबंग किस्म का है और उसके द्वारा दुर्घटना के बाद से परिवार को धमकाया जा रहा है।रेशमा खातून ने पुलिस अधीक्षक से प्राथमिकी दर्ज कर दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और प्रशासन से न्याय की उम्मीद रखती हैं।
