-
मिशन शक्ति अभियान में महिलाओं के साथ छेड़खानी की घटनाओं को लेकर उठ रहे सवाल
जलालपुर, अम्बेडकर नगर। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति फेज-5 के तहत लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद भी शोहदों में कानून का जरा-सा भय नहीं दिख रहा है। जलालपुर बाजार में सोमवार दोपहर हुई छेड़छाड़ की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।मंगुराडिला डड्डा निवासी पीड़िता ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे जब वह बाजार में सामान खरीद रही थी तभी एक युवक ने पीछे से उसके कंधे पर हाथ रखकर अशोभनीय हरकत की। महिला की शिकायत पर पुलिस तुरंत हरकत में आई और मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक को हिरासत में लेकर 151 की कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान तभी प्रभावी होगा जब मनचलों पर कड़ी कार्रवाई कर सख्त संदेश दिया जाए। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
