टांडा (अंबेडकरनगर)। थाना टांडा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी के निर्देशन में उपनिरीक्षक रणजीत सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र मौर्य, कांस्टेबल राहुल यादव तथा कांस्टेबल चमन सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, थाना स्थानीय पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 333/2025 धारा 3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त मोहम्मद रफीक पुत्र मोहम्मद रशीद उर्फ मोहम्मद आसिफ निवासी छज्जापुर थाना टांडा जनपद अंबेडकरनगर को मंगलवार 07 अक्टूबर को सुबह करीब 8:05 बजे उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
बताया गया कि गैंग लीडर फरीद अहमद उर्फ बाबू पुत्र दोस्त मोहम्मद निवासी छज्जापुर थाना टांडा एक शातिर एवं अभ्यस्त अपराधी है, जिसका एक सक्रिय गिरोह जनपद स्तर पर सक्रिय है। उसके गैंग में मोहम्मद रफीक और समीम अख्तर पुत्र अल्ताफ आलम निवासी अलीगंज उत्तरी थाना अलीगंज शामिल हैं।यह गिरोह वाहनों की चोरी कर उनके नंबर प्लेट और चेसिस नंबर बदलकर उनका उपयोग करता है। पुलिस के अनुसार, गैंग लीडर फरीद अहमद और उसके सदस्य अपने आर्थिक व भौतिक लाभ के लिए अपराध करने में संलिप्त रहते हैं। इनके अपराधिक कृत्यों से क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल व्याप्त है, जिससे आमजन अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहता है। टांडा कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय चालान कर दिया गया
