– डीएम ने विभिन्न जगहों पर पहुंच देखी स्थिति
महराजगंज। जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने रविवार को भिटौली, बड़हरा बरईपार एवं धरमौली ग्राम पंचायत भवनों में फार्मर रजिस्ट्री विशेष अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री एक अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है तथा भविष्य में कृषि संबंधी सभी योजनाओं का लाभ फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाएगा।
ग्राम पंचायत भिटौली में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य अपेक्षाकृत शिथिल पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल एवं ग्राम पंचायत अधिकारी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। ग्राम पंचायत में लगभग चार हजार किसानों के सापेक्ष अब तक केवल 1100 किसानों की ही फार्मर रजिस्ट्री हो सकी है।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने बड़हरा बरईपार में फार्मर रजिस्ट्री कार्य का निरीक्षण किया, जहां अधिकांश किसानों की रजिस्ट्री पूर्ण पाई गई। बड़हरा बरईपार निवासी जमुना पुत्र रामसुधारे एवं ग्राम धरमौली निवासी लालजी पुत्र रामप्रकाश को फार्मर रजिस्ट्री प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।
—————–
खतौनी में नाम वाले किसान अनिवार्य रूप से कराएं फॉर्मर रजिस्ट्री
डीएम ने समस्त किसानों से अपील की कि जिनका नाम खतौनी में दर्ज है, वे अपनी फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराएं। जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सहायकों के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री का कार्य संचालित किया जा रहा है।उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने आस-पास के किसानों को भी जागरूक करें तथा अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराएं।
—————–
इस दौरान यह रहे मौजूद
इस दौरान अपर उप जिलाधिकारी, तहसीलदार पंकज शाही, नायब तहसीलदार, संबंधित ग्राम प्रधान एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
