– निर्माण व विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दिया निर्देश
महराजगंज। जिले के प्रभारी मंत्री एवं आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्माण और विकास कार्यों की समीक्षा की। सीएचसी सोहगीबरवा के निर्माण के बाद स्टाफ की तैनाती करते हुए संचालन शुरू करने का निर्देश दिया। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विशुनपुर में देरी पर संबंधित ठेकदार पर पेनाल्टी लगाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कार्यदाई संस्थाओं को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध होना चाहिए। निर्माण कार्यों में पारदर्शिता होनी चाहिए और परियोजनाओं के बारे में संबंधित जनप्रतिनिधि को समय–समय पर अवगत कराएं। कहा कि निर्माण परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण कार्य में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित कर लें। विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने बिंदुवार योजनाओं के प्रगति की जानकारी ली। बी और सी ग्रेड वाली योजनाओं में उन्होंने प्रगति सुधारने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
—————-
निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता करें सुनिश्चित
उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। स्वयं सहायता समूहों और जनपद के प्रमुख के लिए दुकान की भी व्यवस्था करें, ताकि इनको प्रोत्साहित किया जा सके। सभी अधिकारी अपने विभागों में नवाचारों को प्रोत्साहित करें। कहा कि पर्यटन, कृषि, एमएसएमई जैसे विभागों में रोजगार की संभावना है और इनपर विशेष ध्यान दें। उन्होंने समस्त अधिकारियों को कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में जनपद की उल्लेखनीय भूमिका को सुनिश्चित करें।
——————
इस दौरान यह रहे उपस्थित
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, ऋषि त्रिपाठी व जयमंगल कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, एडीएम डॉ प्रशांत कुमार सहित अधिकारी उपस्थित रहे।
