– जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक
महराजगंज। भारत की आगामी जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिसमें उन्होंने कहा कि जनगणना भारत सरकार का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
उन्होंने जनगणना 2027 के सुचारू, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन के लिए तहसील, निकाय एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि जिस प्रकार निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तत्परता एवं गंभीरता से संपन्न कराया जाता है, उसी प्रकार जनगणना-2027 के कार्य को भी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न की जाएगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं भवनों की गणना की जाएगी तथा द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। उन्होंने अवगत कराया कि समस्त प्रक्रियाएं सीएमएम पोर्टल के माध्यम से संपादित की जाएंगी।
——————-
प्रभारी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से दी जनगणना की विस्तृत जानकारी
जनगणना-2027 के लिए श अम्बिका मौर्य को जनपद महराजगंज का प्रभारी नामित किया गया है। उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम से जनगणना प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि चार्ज अधिकारी, प्रगणक एवं सुपरवाइजर को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे गणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। बताया कि सात से 21 मई 2026 (15 दिवस) तक स्व-गणना की अवधि निर्धारित की गई है, जिसके अंतर्गत नागरिक स्वयं अपनी आवश्यक जानकारी पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इसके उपरांत 22 मई 2026 से प्रगणक एवं सुपरवाइजर द्वारा स्थलीय सत्यापन कर आंकड़ों को अंतिम रूप प्रदान किया जाएगा।
——————-
बैठक में यह रहे मौजूद
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, अपर उप जिलाधिकारी विजय यादव, उपजिलाधिकारी फरेंदा एवं नौतनवा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।
