- – आम बजट की घोषणा के बाद बोले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री
महराजगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से प्रस्तुत आम बजट आत्मनिर्भर भारत को नई रफ्तार देगा। यह बजट भारत को वैश्विक विनिर्माण, तकनीक और नवाचार का केंद्र बनाने की ठोस नींव रखता है।
यह प्रतिक्रिया भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने देते हुए कहा कि बायोफार्मा शक्ति परियोजना के तहत अगले पांच वर्षों में 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश से भारत को वैश्विक जैव-फार्मा विनिर्माण हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे जैविक व जैव-सदृश दवाओं का घरेलू उत्पादन बढ़ेगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
अत्याधुनिक तकनीक में आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए पंकज चौधरी ने बताया कि इंडिया सेमिकंडक्टर मिशन 2.0 शीघ्र शुरू किया जाएगा। वहीं इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र को नई गति देने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट विनिर्माण योजना का परिव्यय बढ़ाकर 40 हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है।वस्त्र एवं ग्रामीण उद्योगों के लिए बजट को दूरदर्शी बताते हुए उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल, समर्थ 2.0 मिशन और राष्ट्रीय फाइबर नीति के जरिए खादी, हथकरघा, हस्तशिल्प, कौशल विकास और आधुनिक तकनीक को समग्र समर्थन मिलेगा। इससे ग्रामीण रोजगार को मजबूती मिलेगी और पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान मिलेगी।
बुनियादी ढांचे पर सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि दिल्ली-वाराणसी सहित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही बनारस और पटना में जहाज मरम्मत सुविधाएं स्थापित होंगी। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पांच वर्षों में पांच औद्योगिक क्षेत्रों में कार्बन कैप्चर परियोजनाओं के लिए 20 हजार करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है।
—————
किसान कल्याण बजट का मजबूत स्तंभ
किसान कल्याण को बजट का मजबूत स्तंभ बताते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि यह बजट किसानों की आय बढ़ाने, मत्स्य पालन व पशुपालन को सशक्त करने तथा नारियल, काजू और कोको जैसे कृषि आधारित उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में निर्णायक है।
एमएसएमई सेक्टर पर विशेष फोकस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इक्विटी सहायता, लिक्विडिटी सपोर्ट और पेशेवर मार्गदर्शन के माध्यम से सूक्ष्म व लघु उद्यमों को “चैंपियन” के रूप में विकसित किया जाएगा। करदाताओं को राहत देते हुए उन्होंने कहा कि आम बजट 2026 आम आदमी का बजट है। 1 अप्रैल 2026 से नया आयकर अधिनियम लागू होगा, जिससे कर नियम और फॉर्म सरल होंगे और अनुपालन आसान बनेगा। साथ ही मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण द्वारा दी गई ब्याज राशि को इनकम टैक्स से मुक्त कर टीडीएस भी समाप्त कर दिया गया है, जिससे ईज़ ऑफ लिविंग को बढ़ावा मिलेगा।
