– एसडीएम व तहसीलदार को जारी हुआ स्पष्टीकरण
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आइजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में शिथिलता पर कड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व लिपिक दशरथ प्रसाद को निलंबित कर दिया है। वहीं शिथिल पर्यवेक्षण पर निचलौल के एसडीएम व तहसीलदार को स्पष्टीकरण जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार माह जनवरी में 10 आवेदन पत्र समय से अपलोड न किए जाने के कारण सभी प्रकरण डिफाल्टर श्रेणी में चले गए, जिससे जनपद की रैंकिंग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। जनवरी माह की आइजीआरएस रैंकिंग में जनपद को 29वां स्थान प्राप्त हुआ था। साथ ही दिसंबर माह में भी एक प्रकरण विलंब से अपलोड किया गया था। जिलाधिकारी ने शासकीय कार्य में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए राजस्व लिपिक को निलंबित कर नौतनवा से संबद्ध कर दिया है। इसके अतिरिक्त पर्यवेक्षणीय शिथिलता के संबंध में एसडीएम एवं तहसीलदार निचलौल को आइजीआरएस प्रकरणों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आइजीआरएस शिकायतों की जांच आख्या समयबद्ध रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए। इसके लिए एक विस्तृत चेकलिस्ट भी जारी किया गया है।
