पुलिस ने गतिविधियों का कराया सत्यापन, शांति-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के आधार पर की निरोधात्मक कार्रवाई
जलालपुर, अंबेडकरनगर। गोवध संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जलालपुर कोतवाली पुलिस ने बड़ी निरोधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने ऐसे अपराधों में संलिप्तता के संदर्भ में चिन्हित 20 लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक सभी को संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी तथा क्षेत्राधिकारी जलालपुर के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और वांछित गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 सितंबर 2026 को जलालपुर पुलिस टीम ने गोवध संबंधी अपराधों में संलिप्त रहे लोगों की गतिविधियों का सत्यापन किया।

पुलिस का कहना है कि सत्यापन के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर भविष्य में आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की प्रबल संभावना तथा उससे क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
कई गांवों के लोग कार्रवाई की जद में
पुलिस के अनुसार कार्रवाई की सूची में करीमपुर नगपुर निवासी जफर अब्बास, मो. आलम, मो. अहमद, नबी आलम, अरसे आलम, शाह आलम, मो. समीम, मो. नसीम और अनीस अहमद उर्फ अनीस समेत अन्य लोग शामिल हैं।

इसके अलावा जाफराबाद, वाजिदपुर, मतलूबपुर नगपुर और रन्नू खां का पूरा क्षेत्र के रहने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई की जद में आए लोगों की उम्र करीब 26 से 50 वर्ष के बीच है।
न्यायालय में पेश किए जा रहे आरोपी
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप, उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, महिला उपनिरीक्षक वंदना सरोज, ममता यादव के अलावा हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि सभी संबंधित लोगों को नियमानुसार संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। न्यायालय के स्तर से आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

