133 में से 132 अधिवक्ताओं ने किया मतदान, 99 प्रतिशत से अधिक रहा मतदान प्रतिशत

जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर बार एसोसिएशन के बहुप्रतीक्षित चुनाव का परिणाम शुक्रवार शाम करीब 4 बजे घोषित कर दिया गया। चुनाव में अध्यक्ष पद पर एडवोकेट वीरेंद्र बहादुर सिंह ने जीत दर्ज की, जबकि मंत्री पद पर एडवोकेट जगदीश चंद्र यादव विजयी घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद के मुकाबले में वीरेंद्र बहादुर सिंह को 73 मत प्राप्त हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी शिवधारी यादव को पराजित किया, जिन्हें 52 मत मिले। वहीं तीसरे प्रत्याशी शैलेंद्र नाथ द्विवेदी को 7 मत प्राप्त हुए।

मंत्री पद के चुनाव में एडवोकेट जगदीश चंद्र यादव ने 66 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मुलायम सिंह यादव को 48 मत प्राप्त हुए, जबकि शिवपूजन यादव को 17 मत मिले और वह तीसरे स्थान पर रहे।
कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
बार एसोसिएशन चुनाव में कई पदों पर प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। उपाध्यक्ष पद पर एडवोकेट राम आसरे एवं पंकज मिश्रा, संयुक्त मंत्री पद पर चंद्र विजय राव, कोषाध्यक्ष पद पर यशोदानंद मिश्र तथा ऑडिटर पद पर एडवोकेट आसाराम यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए।
99 प्रतिशत से अधिक हुआ मतदान
चुनाव अधिकारियों एडवोकेट राम आसरे चौरसिया एवं मोहम्मद इदरीश ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया 31 अगस्त से शुरू हुई थी, जिसमें बार एसोसिएशन के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
चुनाव में अधिवक्ताओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कुल 133 मतदाताओं के सापेक्ष 132 मत पड़े, जिससे मतदान प्रतिशत 99 प्रतिशत से अधिक रहा।
शुक्रवार शाम परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
