जलालपुर अम्बेडकर नगर। ग्राम सभा गौसपुर ककरहिया में पुल के पास जल शक्ति मिशन की पाइपलाइन में लीकेज की शिकायत के निस्तारण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि समस्या मौके पर बनी रहने के बावजूद बिना स्थलीय निरीक्षण और उससे संपर्क किए ही आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत का निस्तारण कर दिया गया। रिपोर्ट में शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने की बात भी दर्ज की गई है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, पाइपलाइन में लीकेज के कारण पुल के पास लगातार पानी बहने और जलभराव की समस्या बनी हुई है। उसने मामले की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर की थी। आरोप है कि शिकायत के निस्तारण में यह दर्शाया गया कि शिकायतकर्ता से फीडबैक लिया गया और वह कार्रवाई से संतुष्ट है। जबकि शिकायतकर्ता का कहना है कि न तो संबंधित अवर अभियंता मुसीबत अली ने उससे संपर्क किया और न ही सहायक अभियंता अभिषेक वर्मा ने फोन पर बात की।

शिकायतकर्ता ने मौके की स्थिति के जीपीएस कैमरे से खींचे गए फोटो और वीडियो भी उपलब्ध होने का दावा किया है। मामले को लेकर सहायक अभियंता से बातचीत में पहले गलती होने की संभावना जताई गई। बाद में उन्होंने बताया कि उन्होंने शिकायतकर्ता से फोन पर बात नहीं की थी और संभव है कि संबंधित कर्मचारी ने उससे संपर्क किया हो। शिकायतकर्ता द्वारा संपर्क किए जाने से इनकार करने पर उन्होंने गलती होने की बात कहते हुए उससे मिलने की बात कही।
बुधवार सुबह फिर फट गई पाइपलाइन
सहायक अभियंता अभिषेक वर्मा ने बताया कि पूर्व में हुई पाइपलाइन की लीकेज को ठीक करा दिया गया था। बुधवार सुबह पाइप फट जाने के कारण दोबारा जलभराव हो गया था। ग्राम प्रधान की सूचना पर पाइपलाइन को फिर से ठीक करा दिया गया है।
वहीं, शिकायतकर्ता से संपर्क किए बिना उसकी संतुष्टि दर्ज किए जाने को लेकर सवाल उठ रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि मौके का निरीक्षण और उससे संपर्क नहीं किया गया तो आईजीआरएस की निस्तारण रिपोर्ट में उसकी संतुष्टि किस आधार पर दर्ज की गई।
इस संबंध में अवर अभियंता मुसीबत अली से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
