– तहसील में डीएम की अध्यक्षता में हुआ समाधान दिवस
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने फ़रेन्दा तहसील सभागार में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में जनशिकायतों की सुनवाई की। उनके समक्ष कुल 80 मामले आए, जिसमें से 10 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिया गया।
समाधान दिवस में पहुंची शिवपुर ग्राम निवासी महिला रेशमा पत्नी रामबरन ने बताया कि पूर्व में उसका राशन कार्ड बना हुआ था, लेकिन आपूर्ति विभाग की लापरवाही से उसका राशन कार्ड निरस्त हो गया। जिस पर उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल कार्यवाही का निर्देश दिया। जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने बताया कि मुखिया की मृत्यु के कारण राशन कार्ड निरस्त हो गया।
—————-
डीएम ने शिकायतों के निस्तारण की जानी हकीकत
जिलाधिकारी ने सात फरवरी को सम्पूर्ण समाधान दिवस में आए प्रकरणों में से दो शिकायतकर्ताओं से टेलीफोन पर वार्ता कर निस्तारण की स्थिति का हाल जाना। उन्होंने सबसे पहले ग्राम बहादुरी निवासी संजय कुमार जयसवाल को फोन कर उनके शिकायत पर हुई कार्यवाही के बारे में पूछा। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके द्वारा भूमि पैमाईश की मांग की गई थी, जो कि लेखपाल द्वारा कर दिया गया है। उसने कार्यवाही पर संतोष व्यक्त किया। वहीं अक्षय कुमार निवासी कानापार उर्फ रामनगर को फोन कर समस्या के निस्तारण की जानकारी ली। शिकायतकर्ता ने बताया कि खतौनी में नाम संशोधन का आवेदन था, जो कि तहसील द्वारा कर दिया गया है।
———————-
प्रकरण के निस्तारण में समय एवं गुणवत्ता का ध्यान रखें अधिकारी
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील दिवस के प्रकरण और आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में अधिकारी समय और गुणवत्ता का ध्यान रखें। शिकायतों के निस्तारण की निगरानी स्वयं करें। अधिकारी अंतिम आख्या से पूर्व शिकायतकर्ता से बात अवश्य करें।
——————
संपूर्ण समाधान दिवस में यह रहे मौजूद
संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, एसडीएम शैलेन्द्र गौतम, सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, जिला विकास अधिकारी श्री बीएन कन्नौजिया, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, अधिशासी अधिकारी जल निगम आतिफ हुसैन, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
