HomeUncategorizedगुणवत्तापूर्ण नामावली तैयार करें ईआरओ: मंडलायुक्त

गुणवत्तापूर्ण नामावली तैयार करें ईआरओ: मंडलायुक्त

परतावल ब्लॉक में निरीक्षण कर दिया निर्देश

महराजगंज। मंडलायुक्त अनिल कुमार ढींगरा ने गुरुवार को पनियरा विधानसभा के परतावल ब्लॉक में मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई के लिए निर्धारित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ईआरओ को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का सावधानीपूर्वक परीक्षण करते हुए गुणवत्तापूर्ण नामावली तैयार करें।
मंडलायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा शुद्ध, त्रुटिरहित एवं समावेशी निर्वाचक नामावली तैयार करना है। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर गहन पर्यवेक्षण, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राजनीतिक दलों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें। साथ ही उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से एसआईआर प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग का अनुरोध किया। मंडलायुक्त  ने जारी नोटिसों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने नोटिस जारी कर समयांतर्गत सुनवाई पूर्ण करने का निर्देश दिया। कहा कि यदि कोई मतदाता नियत तिथि पर नहीं पहुंच पाता है, तो उसकी सुनवाई अन्य तिथियों में भी सुनिश्चित करें। उन्होंने सुनवाई प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए ईआरओ पनियरा सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की सुनवाई पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण तरीके से सुनिश्चित की जाए।
मंडलायुक्त ने सुनवाई स्थल पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाताओं की सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित रहें तथा हेल्प डेस्क के माध्यम से प्रत्येक मतदाता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
—————
कलेक्ट्रेट में की समीक्षा
मंडलायुक्त ने एसआईआर के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा कलेक्ट्रेट सभागार राजनीतिक दलों और समस्त ईआरओ के साथ की गई। सभी ईआरओ द्वारा विधानसभावार अब तक की प्रगति से अवगत कराया गया। उन्होंने राजनीतिक दलों से अनुरोध किया कि अपने बीएलए के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को सुनवाई स्थल पर भेजें। उन्होंने बताया कि इस सन्दर्भ में जिला प्रशासन द्वारा जल्द ही सुनवाई स्थलों का विकेंद्रीकरण किया जा रहा है और अब जारी नोटिस की सुनवाई बड़े मतदान केंद्रों सहित अन्य स्थलों पर किया जाएगा। ताकि मतदाताओं को अपने मतदान स्थल से बहुत दूर न जाना पड़े।
मंडलायुक्त ने सभी तहसीलों को निवास प्रमाण पत्र प्राथमिकता के आधार पर जारी करने का निर्देश दिया गया, ताकि मतदाताओं को असुविधा न हो। कहा कि सभी ईआरओ सुनिश्चित करें कि मतदाता आसानी से फॉर्म छह जमा कर सकें और फॉर्म सात के तहत विलोपन की प्रक्रिया नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से हो।
——————-
इस दौरान यह रहे मौजूद
इस दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार व नवनीत गोयल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular