एएमयू प्रॉक्टर मोहम्मद वसीम अली ने मृतक की पहचान राव दानिश अली के रूप में की, जो विश्वविद्यालय से संबद्ध एबीके यूनियन हाई स्कूल के शिक्षक थे।
प्रॉक्टर ने पीटीआई-भाषा को बताया कि बुधवार की रात, राव दानिश अली अपने दो सहयोगियों के साथ कैनेडी ऑडिटोरियम के पास टहल रहे थे, तभी कुछ नकाबपोश लोग उनके पास आए और उनसे कुछ देर बात करने के बाद उन पर नजदीक से गोली चला दी।
मोहम्मद वसीम अली ने कहा, वह मौके पर ही गिर गए और उन्हें जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना रात 9 बजे के बाद की है. उन्होंने कहा, राव दानिश चाय के लिए एएमयू कैंटीन गए थे, जो उनकी दिनचर्या का हिस्सा था।
प्रॉक्टर ने कहा कि हालांकि शूटिंग कैंटीन के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, लेकिन अंधेरे और कोहरे के कारण फुटेज स्पष्ट नहीं है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नीरज कुमार पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों का पता लगाने के लिए अलर्ट जारी किया गया।
कुमार ने बुधवार देर रात संवाददाताओं से कहा कि पुलिस ने हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए पीड़ित परिवार और सहकर्मियों से बात की है।
