बर्ड फ्लू को लेकर जिले में बरतें विशेष सतर्कता : डीएम
जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में बोले डीएम
महराजगंज। नेपाल के कुछ हिस्सों में बर्ड फ्लू फैलने के दृष्टिगत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बर्ड फ्लू से संबंधित जिलास्तरीय टास्क फोर्स की बैठक उनके कार्यालय में हुई। जिसमें उन्होंने कहा कि बर्ड फ्लू को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न हो तो उससे अवगत कराया जाए।
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से बर्ड फ्लू की स्थिति और रोग के रोकथाम हेतु की गई तैयारियों की जानकारी ली। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में बर्ड फ्लू का कोई मामला अब तक प्रकाश में नहीं आया है। आस–पास के जनपदों में भी स्थिति सामान्य है। उन्होंने कहा कि यदि जनपद में बर्ड फ्लू रोग का मामला प्रकाश में आने की स्थिति में सूचनाओं का त्वरित आदान–प्रदान सुनिश्चित करने के लिए सम्बंधित विभागों का एक वॉट्स एप ग्रुप बना लें। जनपद के समस्त तहसील स्तरीय पशु चिकित्सालयों पर पर्याप्त मात्रा में पीपीई किट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
——————-
पशुपालन टीम को जांच में सहयोग करें
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारियों के कार्यों और उत्तरदायित्वों के विषय में अवगत करा दें। कुक्कुट पालकों को निर्देशित कर दें कि यदि पशुपालन विभाग की टीम सैंपलिंग अथवा जांच के लिए जाती है, तो जरूरी सहयोग प्रदान करें। संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि बर्ड फ्लू के संदर्भ में कोई भी सूचना मिलने पर पशुधन विभाग को सूचित करें।
———————
बैठक में यह रहे मौजूद
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीवीओ डॉ. एजाज़ अहमद, डिप्टी सीवीओ डॉ. विनोद विश्वकर्मा, एआरटीओ मनोज सिंह, सहायक अभियंता कर्ण सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



