– कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में डीएम ने की समीक्षा
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को देर शाम कैंप कार्यालय में विकास कार्यो संबंधी विभिन्न योजनाओं की सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पीएम कुसुम योजना में प्रगति खराब होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उपनिदेशक कृषि को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने बी, सी और डी ग्रेड प्राप्त योजनाओं के संदर्भ में कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि बी,सी और डी ग्रेड कदापि स्वीकार्य नहीं है। पर्यटन परियोजनाओं के संदर्भ में निर्देशित किया कि कार्यदाई संस्था से समन्वय करते हुए सुनिश्चित करें कि परियोजना की पूर्णता तिथि में परिवर्तन करा लें। परियोजना में विलंब स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिशासी अधिकारी ग्रामीण अभियंत्रण को भी भवन निर्माण की प्रगति को तेज करने के लिए कहा। छात्रवृत्ति योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए प्रभावी कार्यवाही कर प्रगति सुधारने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने पंचायत सहायकों के माध्यम से फैमिली आईडी बनवाने का निर्देश दिया।
पीएम सूर्यघर योजना के संदर्भ में निर्देशित किया कि योजना के लक्ष्य को इस माह प्राप्त करें। इस संदर्भ में उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग परस्पर समन्वय के साथ लक्ष्य के अनुरूप सूर्यघर लगवाना सुनिश्चित करें। दुग्ध और मत्स्य विभाग को सहकारी समितियों और उनमें सदस्य संख्या बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने सीएमओ को 102 और 108 एंबुलेंस सेवा का रिस्पांस टाइम बेहतर करने हेतु निर्देशित किया। कहा कि जरूरतमंद तक एंबुलेंस समय से पहुंचे, इसको सुनिश्चित करें। कन्या सुमंगला योजना के तहत पुनः सत्यापन हेतु प्राप्त आवेदनों को इसी माह समाप्त करने का निर्देश दिया।
——————
बैठक में यह रहे मौजूद
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
