– कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक में दिया निर्देश
महराजगंज। जिले के प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा की। कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनाने के लिए सभी लोग मिलकर कार्य करें। प्रत्येक अधिकारी नवाचार पर ध्यान दे और कुछ बेहतर करने का प्रयास करे।
उन्होंने सीएफसी स्थापना पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि सीएफसी को लकड़ी उत्पाद व्यवसायियों के हितानुकूल और लाभकारी बनाएं। कहा कि सीएफसी जनपद के लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे लकड़ी उत्पाद व्यवसायियों को अपना व्यवसाय बढ़ाने में सहयोग मिलेगा। जिले में औद्योगिक आस्थान के लिए भूमि चिन्हांकन का निर्देश दिया, ताकि जनपद के व्यवसायियों के लिए बेहतर औद्योगिक सुविधाओं को उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने वीबी–जीराम जी योजना के बारे में आमजन को जागरूक करने का निर्देश देते हुए कहा कि नवीन रूप में योजना अधिक प्रभावी। समावेशी और रोजगारनुकूल होगी। गांवों के विकास में भी अधिक सक्षम होगी। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं में जलापूर्ति नहीं शुरू हुई है, उनमें जल्द से जल्द कार्ययोजना बनाकर आपूर्ति सुनिश्चित कराएं। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत भी प्रभावी तरीके से सुनिश्चित करें।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के लिए वृहद प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने और संबंधित अधिकारियों द्वारा उसमें प्रतिभाग करने का निर्देश दिया। यह भी कहा कि सभी अधिकारी अपने विभागों में नवाचारों को प्रोत्साहित करें। कहा कि पर्यटन, कृषि, एमएसएमई जैसे विभागों में रोजगार की संभावना है और इनपर विशेष ध्यान दें। इसके लिए सभी विभागों को कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया।
—————-
डीएम ने ज्ञापित किया धन्यवाद
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आपके निर्देशों का शत–प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा और विभिन्न विभाग अपने यहां नवाचारी प्रयासों को गति देंगे।
——————–
इस दौरान यह रहे मौजूद
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, प्रेम सागर पटेल व ऋषि त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय, डीएफओ निरंजन सुर्वे ,
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, एडीएम डॉ प्रशांत कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
