पुलिस ने रविवार को बताया कि यहां आरक्षित बडकला फायरिंग रेंज में फायरिंग अभ्यास के दौरान विस्फोट होने से सेना के चार जवान घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने पीटीआई-भाषा को बताया कि घटना शनिवार शाम को हुई जब नियमित फायरिंग अभ्यास चल रहा था।
उन्होंने कहा, “अचानक एक विस्फोट हुआ, जिसमें सेना के चार जवान घायल हो गए।”
मिर्ज़ापुर और बेहट से पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और घायल सिपाहियों को बेहट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जैन ने कहा कि घायलों में से दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बाद में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल कर्मियों की पहचान सुरेश (45), पवित्रा (35), दीपक (27) और प्रवीण (30) के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि इनमें से दीपक और सुरेश का इलाज चल रहा है।
जैन ने कहा कि सेना के अधिकारियों ने सूचित किया है कि सभी चार कर्मी सुरक्षित हैं और उन्हें उचित चिकित्सा उपचार मिल रहा है।
उन्होंने कहा, “विस्फोट के कारण का पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए जांच की जा रही है।”
