पुलिस ने बुधवार को बताया कि उत्तर प्रदेश रोडवेज की एक बस के बदांयू जिले में एक खड़े ट्रक से टकरा जाने से दो लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक अन्य घायल हो गए।
उझानी क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना देर रात करीब एक बजे हुई जब आगरा डिपो की रोडवेज बस उझानी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कछला रोड पर खड़े ट्रक से टकरा गई।
दुर्घटना के समय बस में 25 यात्री सवार थे। उनमें से लगभग 20 को चोटें आईं। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उझानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
उन्होंने बताया कि आगरा के बस चालक हाकिम सिंह (45) और एक यात्री, मैनपुरी के धर्मेंद्र कुमार (46) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कहा कि बाकी घायलों को बाद में आगे के इलाज के लिए बदाऊं के सरकारी मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में रेफर किया गया।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने मृतकों के परिवारों को सूचित कर दिया है और जांच एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही चल रही है।
