अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि एक फर्जी वित्त कंपनी द्वारा एक साल के भीतर उनका पैसा दोगुना करने का वादा करके सैकड़ों निवेशकों को ठगने के मामले में बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ सहित 22 लोगों के खिलाफ यहां प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि लोनी स्थित कंपनी अर्बन स्टेट क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, बागपत, मेरठ और गाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में एजेंटों के माध्यम से निवेश योजनाएं संचालित करती थी।
चौहान के मुताबिक, कंपनी ने अपनी योजनाओं के प्रचार के लिए जानी-मानी फिल्मी हस्तियों का इस्तेमाल किया।
अधिकारी ने कहा, “कंपनी को लोगों का विश्वास हासिल करने में मदद करने के लिए श्रेयस तलपड़े को प्रमोटर के रूप में पेश किया गया था, जबकि आलोक नाथ को ब्रांड एंबेसडर के रूप में पेश किया गया था।”
कथित तौर पर 500 से अधिक निवेशकों ने इस योजना में लाखों रुपये जमा किए। हालांकि, एक साल बाद, जब निवेशकों ने अपना धन निकालना चाहा, तो कंपनी का कार्यालय बंद पाया गया और उसके अधिकारी गायब थे, पुलिस ने कहा।
बागपत की एक शिकायतकर्ता बबली ने आरोप लगाया कि कंपनी ने जमा राशि का दुरुपयोग करने के लिए दस्तावेजों पर जाली हस्ताक्षर भी किए।
कई शिकायतों के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
चौहान ने कहा कि सभी आरोपियों की पहचान करने, उनके बैंक खातों की जांच करने और उन मशहूर हस्तियों की संलिप्तता की सीमा को सत्यापित करने के लिए जांच चल रही है जिनके नाम और छवियों का इस्तेमाल कंपनी को बढ़ावा देने के लिए किया गया था।
