महिला द्वारा चाकू से हमला करने व इलाज के दौरान व्यक्ति की मृत्यु होने के मामले में पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय चलान कर दिया
टांडा(अंबेडकरनगर) टांडा कोतवाली क्षेत्र के नेहरू नगर मोहल्ले में एक महिला द्वारा घर में घुसकर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में घायल हुए व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 12 सितंबर की रात लगभग 12 बजे नेहरू नगर निवासी श्रीमती कुसुम पत्नी सुरेश कुमार ने थाना कोतवाली टांडा पहुंचकर तहरीर दी थी। कि विपक्षी रोशनी कन्नौजिया पत्नी सूरज कन्नौजिया उनके घर में घुस आई और उनके पति व बेटे पर चाकू से हमला कर गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उनके पति गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
घटना की जानकारी पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक सचिन कुमार को सौंपी। घायल सुरेश कुमार को गंभीर अवस्था में महामाया मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर में भर्ती कराया गया था, जहां 15 सितंबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद मामले में धारा बढ़ोतरी की गई और शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
अभियुक्ता रोशनी कन्नौजिया को प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी के निर्देशन में उपनिरीक्षक सचिन कुमार व टीम द्वारा 16 सितंबर की शाम करीब 5 बजे बभनज्योतिया चौराहे से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
