
टांडा( अम्बेडकरनगर)l टाडा विधानसभा चुनाव में टांडा विधानसभा क्षेत्र में सभी पार्टी के प्रत्याशियों की घोषणा न होने से दावेदारों में बेचैनी दिख रही है। कार्यकर्ता अपने अपने समर्थक नेता को टिकट मिलने का दावा करते घूम रहे हैं। सबसे अधिक बेचैनी सपा व भाजपा के कार्यकर्ताओं व दावेदारों में देखी जा रही है। 2017 के चुनाव में टांडा में भाजपा व सपा मुख्य प्रतिद्वंद्वी रहे थे। इसमें से अभी तक दोनों पार्टी के प्रत्याशियों की घोषणा नही हुई है।
2017 में पहली बार भाजपा की संजू देवी ने जीत का परचम लहराया था। विधायक रहे अजीमुलहक पहलवान के दोबारा लड़ने पर उन्हें मात्र 1700 वोटों से पराजित कर संजू देवी विधायक बनी थीं। अजीमुलहक अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनकी जगह उनके बड़े पुत्र इंजीनियर मुसाब अजीम टांडा सीट से टिकट मांग रहे हैं। भाजपा की मौजूदा विधायक संजू देवी जहां अपनी उम्मीदवारी पक्की मान रही हैं, वहीं अन्य लोग भी दावेदारी कर रहें हैं।
समाजवादी पार्टी में भी दावेदारों की होड़ मची है, लेकिन अभी तक दोनों दलों ने किसी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की। मतदाता भी प्रत्याशियों के समर्थकों से चटखारे लेते घूम रहे हैं। सुबह से शाम तक टांडा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल प्रत्याशियों के नाम जानने को लेकर गर्म है।