Maharajganj

चार गर्भवती की हुई गोदभराई, दी गयी मातृ पोषण की जानकारी

हिन्दमोर्चा न्यूज़ महराजगंज सदर.

  • आंगनबाड़ी केन्द्र धनेवा-धनेई पर आयोजित हुआ गोदभराई कार्यक्रम.

महराजगंज:सदर ब्लाॅक के आंगनबाड़ी केन्द्र धनेवा-धनेई ( मंगलपुर) पर मंगलवार को चार गर्भवती की गोदभराई कर उनको मातृ पोषण की जानकारी दी गयी। गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार लेते रहने तथा समय-समय पर प्रसव पूर्व जांच कराने की भी सलाह दी गयी। यह भी बताया गया कि बच्चे के पेट में आने से शुरू लेकर दो साल तक यानी 1000 दिन में मिलने वाला पोषण उसके पूरे जीवन की रूप रेखा तय करता हैं। गर्भावस्था के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। स्वस्थ बच्चे को जन्म देने के लिए मां का सेहतमंद होना बहुत जरूरी है।

गोदभराई के दौरान बाल विकास परियोजना सदर की मुख्य सेविका सीमा दुबे ने बताया कि कुपोषण चक्र तोड़ने और मातृ शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मातृ पोषण की अहम भूमिका है। गर्भवती का सेहत सही रहे इसके लिए पौष्टिक आहार में दूध, पनीर, ताजी हरी सब्जी, मौसमी फल, दाल, जूस तथा अन्य प्रोटीन व विटामिन युक्त आहार लेती रहें।

उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केन्द्र से मिलने वाले सूखा राशन ,तेल और दलिया से विभिन्न  प्रकार के व्यंजन जैसे नमकीन दलिया, मीठी दलिया, चना दाल से बरफी , हलुवा और पकौड़ी आदि पकवान बनाकर गर्भवती खा सकती हैं। समय-समय पर चिकित्सक से सलाह लेते रहना चाहिए, साथ ही जरूरी टीके भी लगवाते रहना है।

इस अवसर पर ब्लाॅक आउटरिच को-आर्डिनेटर प्रियंका शर्मा, हसीना खातून, जौहरा खातून, तबीरूननिशा, सीमा, किरन, नेहा, मवला देवी, कुसुम और प्रतिमा प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।

गोदभराई का उद्देश्ययः

सुरक्षित गर्भावस्था के लिए पौष्टिकता एवं स्वास्थ्य सम्बन्धी पद्धतियों पर गर्भवती को महत्वपूर्ण सलाह देना।

गर्भवती की सुविधा के लिए आईसीडीएस सेवाओं से सम्बंधित सूचना उपलब्ध कराना।

गर्भावस्था के दौरान देखरेख की आवश्यकता पर गर्भवती के निकटवर्ती परिवार और लोगों को जागरूक करना।

प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और जननी शिशु सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाले लाभों के बारे में गर्भवती को जागरूक करना।

 पांच माह की गर्भवती सुमन ( 22) ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रियंका देवी के कहने पर केन्द्र पर आयीं, जहां उनकी गोदभराई की गयी। कार्यक्रम में आयरन और कैल्शियम की गोली का सेवन करने से साथ-साथ गर्भावस्था के दौरान केन्द्र से मिलने वाले सूखा राशन व अन्य पोषाहार से विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाकर सेवन करने की सलाह दी गयी।

हरी सब्जी और मौसमी फल लेते रहने के लिए भी बताया गया। उन्होंने यह भी बताया कि आशा कार्यकर्ता विन्ध्यवासिनी ने उन्हें बताया कि पहली बार गर्भवती होने पर प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तीन किस्तों में पांच हजार रुपये भी मिलते हैं। इसके लिए फार्म भी भर दिया गया है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हसीना खातून ने बताया कि उनके केन्द्र पर कुल 12 गर्भवती, 11धात्री महिलाएं तथा 86 बच्चे पंजीकृत हैं, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता सिंह के केन्द्र पर नौ गर्भवती, आठ धात्री तथा 104 बच्चे पंजीकृत हैं।

हिन्दमोर्चा टीम महराजगंज.

पूरी खबर देखें

संबंधित खबरें

error: Content is protected !!