योगी सरकार के आदेशों का नहीं हो रहा अनुपालन:छुट्टा पशुओं के आंतक से नगर वासियों को अब तक नहीं मिली राहत, बढ़ रहा जनाक्रोश.

-
योगी सरकार के आदेशों का नहीं हो रहा अनुपालन:छुट्टा पशुओं के आंतक से नगर वासियों को अब तक नहीं मिली राहत, बढ़ रहा जनाक्रोश.
-
छुट्टा पशुओं पर लगाम लगाने में नगर पंचायत प्रशासन पूरी तरह नाकाम,
हिन्दमोर्चा न्यूज़ महराजगंज/
परतावल.
महराजगंज: नगर पंचायत परतावल में छुट्टा पशुओं के आतंक से कस्बेवासियों का सड़क पर चलना भी दुश्वार हो गया है। इनके आतंक से नगर का कोई भी कोना अछूता नहीं है। शहर का मेन रोड़ हो या गली हर जगह छुट्टा पशु देखे जाते हैं। छुट्टा पशु अब इंसानी जानों के लिए भी खतरे के सबब बनते जा रहे हैं।स्थिति यह है कि छुट्टा पशु नगर में झुंड के झुंड बनाकर खुलेआम नगर के मुख्य मार्ग सड़क पर विचरण करते हैं। जिससे आए दिन पूरा नगर जाम की समस्या से घंटों जूझ रहा है,तो कहीं छुट्टा पशु आपस में ही भिड़ कर एक दूसरे पर दाव आजमाने लगते हैं।
नगर पंचायत परतावल में छुट्टा पशुओं की तादाद में काफी तेजी से हो रही वृद्धि से आम नागरिकों के लिए दिन व दिन मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। नगर पंचायत के जिम्मेदार लोग छुट्टा पशुओं पर काबू पाने में पूरी तरह से बेबस नजर आ रहे हैं। पशुओं के आपसी भिड़ंत से बचने के लिए राहगीर भी अपनी जान बचाने को लेकर मारे-मारे से फिर रहे हैं। पशु लड़ते-लड़ते नगर की दुकानों में भी घुस जाते हैं। अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत प्रशासन योगी सरकार के आदेशों का कब अनुपालन करता है और कस्बे वासियों एवं राहगीरों को छुट्टा पशुओं से कब तक निजात दिलाता है.
नगर वासियों ने दी आंदोलन की चेतावनी:
शनिवार को नगर पंचायत के अशोक चौधरी, धीरज पासवान, कन्हैया मद्धेशिया, विजय प्रजापति, विजेन्द्र गौतम, तेज प्रताप मोदनवाल, गजेन्द्र सिंह, मनोहर मद्धेशिया, छविनाथ आदि लोगो ने विरोध प्रदर्शन कर नगर पंचायत प्रशासन से अविलम्ब पशुओं से निजात दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि नगर पंचायत प्रशासन की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनता आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
ईओ ने क्या कहा:
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी कनुप्रिया शाही ने बताया कि जल्द ही छुट्टा पशुओं को पकड़ कर मधवलिया गोसदन भेजा जाएगा।
हिन्दमोर्चा टीम महराजगंज.