निर्वाचक नामावली के विशेष पुनरीक्षण अभियान, धान क्रय की स्थिति, धान मिलों की आर.सी. वसूली, गोल्डन कार्ड, आई.जी.आर. एस.आदि के संबंध में बैठक संपन्न

नदीम अहमद विशेष तहसील रिपोर्टर हिंदमोर्चा न्यूज़ चैनल मऊ उत्तर प्रदेश
-
18 से 19 आयु वर्ग एवं महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने हेतु विशेष प्रयास करने के दिए निर्देश।
-
कम वसूली करने वाले अमीनो के खिलाफ 1 सप्ताह के अंदर दंडात्मक कार्यवाही करने के दिए निर्देश।
आज जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचक नामावलियो के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम, जनपद में धान क्रय की स्थिति, धान मिलों की आर.सी.की वसूली, गोल्डन कार्ड बनने की स्थिति एवं आई.जी.आर.एस. के संबंध में समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों में विशेष पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा के दौरान बी.एल.ओ. द्वारा फार्म 6 की संख्या कई बूथों पर कम पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इस हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को नियमित रूप से बी.एल.ओ.से संपर्क स्थापित कर इसकी समीक्षा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आधार सीडिंग में भी संतोषजनक प्रगति ना पाए जाने पर समस्त उप जिलाधिकारियों को इस संदर्भ में तेजी लाने के निर्देश दिए। 18 से 19 वर्ष के वोटरों की संख्या में आशातीत वृद्धि ना होने पर जिलाधिकारी ने स्कूलों में कैंप लगाने एवं फार्म 6 उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जिससे अधिक से अधिक युवा वोटरों को मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।
उन्होंने इसके लिए समस्त उप जिलाधिकारियों को कार्य योजना बनाकर यथाशीघ्र कार्य करने को कहा। जनपद में जेंडर रेशियो में भी महिलाओं की संख्या मतदाता सूची में कम होने पर उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों को महिला मतदाताओं की संख्या अधिक से अधिक मतदाता सूची में दर्ज करवाने हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
धान मिलो के मालिकों से आर सी की वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ऐसे समस्त अमीनो को, जिनकी वसूली कम है, उनका क्षेत्र बदलने अथवा आवश्यक होने पर उनके खिलाफ 1 सप्ताह के अंदर दंडात्मक कार्रवाई करने को भी कहा। उन्होंने समस्त उप जिला अधिकारियों को एल.डी.एम. की मदद लेकर बकायेदारों के खातों की पहचान करने एवं खातों को कुर्क की कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही वसूली हेतु आवश्यक पड़ने पर नीलामी की कार्रवाई करने को भी कहा।
जनपद में धान क्रय की स्थिति की समीक्षा के दौरान डिप्टी आर.एम.ओ. विपुल सिन्हा ने बताया कि कुल 49 केंद्रों में से 24 केंद्रों पर धान खरीद शुरू हो गई है, जिनमें से मात्र तीन केंद्र पी.सी.एफ. के हैं। अब तक कुल 20195.2 कुंटल धान की खरीद की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने पी.सी.एफ. के संबंधित अधिकारी को सोमवार से सभी केंद्रों पर धान खरीद की प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए। जनपद में पराली जलाने वालों के खिलाफ तत्काल अर्थदंड लगाने के भी निर्देश उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने पराली जलाए जाने वाले क्षेत्रों में मौके पर जाकर लोगों को जागरूक करने एवं पराली जलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के फेज 2 एवं 3 हेतु जमीनों का चिन्हांकन यथाशीघ्र करने एवं नियमित तौर पर धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश समस्त उप जिलाधिकारियों को दिए। इस दौरान उन्होंने जनपद में आइ.जी.आर.एस. के तहत शिकायतों के निस्तारण की स्थिति, गोल्डन कार्ड अभियान एवं कोर्ट केस एवं अवमानना वाद की भी समीक्षा की।
बैठक के दौरान अपर जिला अधिकारी भानु प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट नीतीश कुमार सिंह, डिप्टी आरएमओ विपुल सिन्हा, समस्त उपजिलाधिकारी, ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आशीष मिश्रा सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।