राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज रामनगर में समारोह पूर्वक मना विश्व पर्यावरण दिवस

अंबेडकरनगर | पण्डित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इण्टर कॉलेज रामनगर में विश्व पर्यावरण दिवस समारोह विविध कार्यकर्मों के बीच समारोह पूर्वक मनाया गया।समारोह का शुभारम्भ प्रधानाचार्य सुरेश लाल श्रीवास्तव द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प माला अर्पित करते हुए किया गया।अपने उद्बोधन में प्रधानाचार्य ने कहा कि विश्व संस्था संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा पर्यावरण सुरक्षा और संरक्षण के प्रति बढ़ती चिन्ता के परिप्रेक्ष्य में संस्थापित विश्व पर्यावरण दिवस प्रति वर्ष 5 जून को मनाया जाता है।
जैसा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम के सम्मेलन(5 जून से 16 जून 1972)में चर्चाओं के बाद पर्यावरण के प्रति वैश्विक स्तर पर राजनीतिक, सामाजिक जागृति लाने हेतु 5जून को विश्व पर्यावरण दिवस घोषित किया गया था।प्रथमतः 5 जून 1973 से आयोजित होते आरहे 143 देशों की सक्रिय भागीदारी वाला यह दुनिया का सबसे बड़ा आयोजन है।
संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम(UNEP)1972 से विश्व समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुआ है।वर्तमान वर्ष2023 में इस दिवस की मेजबानी “कोटे डी आइवर” द्वारा की जा रही है।प्रधानाचार्य ने अपने संदेश में कहा कि “वृक्ष विभूषित धरा करें खुशियों से भरपूर रहें।” “जल, जंगल,जमीन की रक्षा, इससे होगी जीवन रक्षा।”समारोह में बोलती हुईं प्रवक्ता गणित तसनीम क़ौसर ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के प्रति जन जागरूकता संदर्भित इस दिवस की इस वर्ष की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण का समाधान”है।
पर्यावरण सुरक्षा और संरक्षा सन्दर्भ में हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि हम कूड़ा, कचरा इधर उधर न फेंकें, ज़्यादा से ज़्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें।परिवार का हर सदस्य अपने जन्मदिन पर एक वृक्ष अवश्य रोपित करे, प्लास्टिक और पॉलीथिन का प्रयोग न करें।समारोह में अपना विचार रखती हुईं प्रवक्ता गृहविज्ञान अंजली ने कहा कि हमें अभियान रूप में अधिकाधिक वृक्ष लगाकर जीवन को खुशहाल बनाना चाहिए।
इसी प्रकार प्रवक्ता जीवविज्ञान शशीबाला पाण्डेय ने कहा कि प्रकृति सुरक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए हमें तालाब, नदी, जंगल, पशु-पक्षी आदि सभी के सुरक्षा के प्रति तत्पर रहना होगा।समारोह अवसर पर पर्यावरण विषय पर आधारित क्विज ,वाद विवाद,भाषण, स्लोगन एवं चार्ट प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।
प्रतियोगिताओं का संचालन शिक्षक पंकज कुमार वर्मा द्वारा किया गया।क्विज प्रतियोगिता में जहाँ रीतू वर्मा ने बाजी मारी वहीं भाषण में प्रभात शर्मा सबसे आगे रहे।वाद विवाद प्रतियोगिता में ऋषभ व मुहम्मद जफ़र ने सफलता अर्जित की तो चार्ट में विवेक प्रजापति ने।अन्त में प्रधानाचार्य सुरेश लाल श्रीवास्तव द्वारा विद्यालय प्रांगण में छात्र छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ वृक्षारोपण किया गया।