सरसों पेराई मशीन में फंसकर किशोर का हाथ कटा

अंबेडकरनगर। सरसों की पेराई करते समय अचानक एक किशोर का हाथ कोल्हू में फंस गया। हादसे में किशोर का दाहिना हाथ कट कर शरीर से अलग हो गया। घटना देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। किशोर को गंभीर दशा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।सम्मनपुर बाजार में मजीसा (कटात ) गांव के रहने वाले लालजीत यादव सरसों पेराई की मशीन लगा रखा है। मशीन पर पश्चिम बंगाल का रहने वाला 17 वर्षीय किशोर आकाश काम करता था। सोमवार की शाम को सरसों की पेराई हो रही थी। किशोर बारी-बारी से ग्राहकों के सरसों की पेराई कर रहा था। इसी दौरान उसका दाहिना हाथ कोल्हू में फंस गया। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। मौके पर उपस्थित लोग जब तक कुछ कर पाते तब तक किशोर आकाश का हाथ सरसों पराई मशीन की चपेट में आकर शरीर से अलग हो गया। घटना देख बाजार के लोग दहल गए। आनन फानन में अचेतावस्था में किशोर को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।