निमटिनी महराजपुर में श्रीमद् भागवत कथा कलश यात्रा के साथ शुभारंभ

अंबेडकरनगर। जलालपुर तहसील के निमटिनी महराजपुर गांव में बुधवार को श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। वेदव्यास चंद्रभान मिश्रा महराज के नेतृत्व में कथा का आयोजन महेंद्र प्रशाद उपाध्याय के घर पर किया जा रहा है। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं और श्रद्धालु शामिल हुए। पवित्र जलस्त्रोत से कलश में जल भरकर कथा स्थल पर लाया गया। वहां धार्मिक विधि और मंत्रोच्चारण के साथ कलश की स्थापना की गई। आरती के बाद कथा प्रारंभ हुई। कथावाचक रत्नेश शुक्ल महराज ने श्रीमद्भागवत कथा की महिमा बताई। उन्होंने कहा कि यह विश्व की सभी कथाओं में श्रेष्ठ मानी गई है। जहां इस कथा का आयोजन होता है, वह स्थान तीर्थ स्थल बन जाता है। शुक्ल ने बताया कि यह कथा भगवान श्री कृष्ण की वाणी है। इसमें उनके अवतार से लेकर कंस वध तक के प्रसंग हैं। कथा श्रवण से मनुष्य बुराई त्याग कर धर्म के मार्ग पर चलता है और मोक्ष प्राप्त करता है। उन्होंने कथा का ऐतिहासिक महत्व बताते हुए कहा कि सबसे पहले इसे राजा परीक्षित ने सुना था। इससे उन्हें तक्षक नाग के काटने से होने वाली मृत्यु का भय दूर हुआ और मोक्ष की प्राप्ति हुई। कार्यक्रम में रमापति, उपाध्याय सभापति, पंडित दिनेश, निकेश, राजन, उपाध्याय शिवनाथ, उपाध्याय रिंकू, अनुज, लकी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा सात दिनों तक चलेगी।