धूमधाम से मनी देश के गृहमंत्री गोविन्द बल्लभ पंत की जयन्ती

अंबेडकरनगर। प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री व देश के गृहमंत्री स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत रत्न पण्डित गोविन्द बल्लभ पन्त की जयंती धूमधाम से मनाई गई। जलालपुर तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी सदानंद सरोज ने जीबी पन्त के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हे नमन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि जीबी पंत प्रसिद्ध स्वतन्त्रता सेनानी और वरिष्ठ भारतीय राजनेता थे। वे राज्य के प्रथम मुख्य मन्त्री और भारत के चौथे गृहमन्त्री थे। सन् 1957 में उन्हें भारतरत्न से सम्मानित किया गया। गृहमन्त्री के रूप में उनका मुख्य योगदान भारत को भाषा के अनुसार राज्यों में विभक्त करना तथा हिन्दी को भारत की राजभाषा के रूप में शामिल करना इस प्रकार स्वतन्त्र भारत के नवनामित राज्य के भी वे 26 जनवरी 1950 से लेकर 27 दिसम्बर 1954 तक मुख्यमंत्री रहे। सरदार पटेल की मृत्यु के बाद उन्हें गृहमंत्री का दायित्व दिया गया। भारत के गृहमन्त्री रूप में उनका कार्यकाल सन 1955 से लेकर 1961 में उनकी मृत्यु होने तक रहा। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी साधु राम दूबे, सर्वेश विश्वकर्मा, केशव प्रसाद श्रीवास्तव, मंशाराम समेत अन्य ने जीबी पंत के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।