जिले में चला अभियान,कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम ने लगाए फलदार वृक्ष

अंबेडकरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में आम का पौधा लगाया गया। साथ ही साथ अन्य अधिकारियों द्वारा भी इस अवसर पर लीची, जामुन तथा आम आदि जैसे फलदार पौधे रोपित किए गए। इस वृक्षारोपण कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम के अलावा भी आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वयं सेवी संस्था ,आरंभ फाउंडेशन के सहयोग से शिव बाबा धाम परिसर में वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। उक्त दोनों कार्यक्रम के आयोजन का प्रमुख उद्देश्य लोगों को बढ़ते जलवायु परिवर्तन में पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। इस कार्यक्रम के आयोजन में वन विभाग सक्रिय भूमिका में रहा, जिसमें उपप्रभागीय वनाधिकारी मुदित सिंह एवं क्षेत्रीय वनाधिकारी अकबरपुर नागेंद्र कुमार द्वारा कार्यक्रम का कुशल आयोजन कराया गया। इसके अतिरिक्त पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले में जगह-जगह वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।