जलालपुर बार चुनाव में चौथी बार अध्यक्ष बने वीरेन्द्र व उपाध्यक्ष अरविन्द

जलालपुर बार चुनाव में चौथी बार अध्यक्ष बने वीरेन्द्र व उपाध्यक्ष अरविन्द
जलालपुर, अंबेडकरनगर। जलालपुर बार एसोसिएशन का चुनाव भारी गहमा गहमी के बीच शुक्रवार को सकुशल संपन्न हुआ। बार एसोसिएशन के चुनाव में मतदाताओं में भारी उत्साह रहा। मतगणना के उपरांत अध्यक्ष पद की बाजी वीरेंद्र बहादुर सिंह के हाथ लगी। चौथी बार अध्यक्ष पद हेतु निर्वाचित हुए वीरेंद्र बहादुर सिंह को 83 मत मिले,उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी चंद्रभान मिश्र को 38 मत प्राप्त हुए। वहीं वीरेंद्र बहादुर सिंह का समर्थन करने वाले रामचेत भारती को महज एक मत मिला।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अरविंद सिंह और कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर योगेश निर्वाचित हुए। मंत्री पद के लिए निर्वाचित श्याम सुंदर यादव को 87,वहीं पूर्व मंत्री पंकज मिश्र को 35 मतों से संतोष करना पड़ा। संयुक्त मंत्री पद पर लड़ाई यशोदानंदन मिश्र और मुलायम सिंह यादव के बीच रही जहां मुलायम सिंह यादव ने 91 मत पाकर अपने प्रतिद्वंद्वी मिश्र को 60 वोटों से हरा दिया। ऑडिटर पद पर घनश्याम वर्मा और कोषाध्यक्ष पद पर आशाराम यादव पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। नव निर्वाचित अध्यक्ष वीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि वादकारियों पीड़ितों के हक हकों की लड़ाई व उनके लिए संघर्ष जारी रखा जाएगा। चुनाव अधिकारी द्वय शिवधारी यादव एवम देवानंद द्विवेदी ने चुनाव परिणाम की घोषणा की। चुनाव में 124 के सापेक्ष 122 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।