एनटीपीसी गरिमा महिला मंडल ने भव्यता के साथ मनाया वार्षिक समारोह

अम्बेडकरनगर। गरिमा महिला मंडल ने 29 अप्रैल 2025 को सरगम ऑडिटोरियम में अपने वार्षिक समारोह “नृत्यांजलि” का आयोजन बड़े उत्साह और जोश के साथ किया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि जयदेव परिदा, कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी टांडा तथा गरिमा महिला मंडल की अध्यक्ष संघमित्रा परिदा द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर अभय कुमार मिश्र, महाप्रबंधक,गरिमा महिला मंडल की सचिव नीलिमा जैन, परियोजना के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण तथा महिला मंडल की सभी सदस्याएं उपस्थित रहीं। परिदा ने मुख्य अतिथि एवं सभी गणमान्य अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए एनटीपीसी प्रबंधन का लगातार सहयोग के लिए आभार प्रकट किया। इसके पश्चात सचिव नीलिमा जैन ने गरिमा महिला मंडल की वार्षिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी, जिसमें सामाजिक सेवा के कार्यों और ‘ब्लूमिंग बड्स’ तथा ‘बाल भवन’ जैसे शैक्षणिक उपक्रमों की सफल संचालन का उल्लेख किया गया। “नृत्यांजलि” थीम पर आधारित यह आयोजन विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर हो गया। गरिमा महिला मंडल की सदस्याओं द्वारा प्रस्तुत एनटीपीसी थीम सॉन्ग, रंग-बिरंगे बॉलीवुड फोक डांस और मनमोहक समूह नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा, मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि जयदेव परिदा ने सभा को संबोधित करते हुए गरिमा महिला मंडल द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की और एनटीपीसी समुदाय की सामाजिक व सांस्कृतिक संरचना को मजबूत करने में मंडल की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम का समापन विजेताओं और प्रतिभागियों के सम्मान समारोह के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि ने सभी के सक्रिय सहभागिता और उत्साही योगदान की सराहना की।