आइकॉन ऑफ इण्डिया समेत कई अवॉर्डों से सम्मानित किये गये सुरेश लाल श्रीवास्तव

-
आइकॉन ऑफ इण्डिया समेत कई अवॉर्डों से सम्मानित किये गये सुरेश लाल श्रीवास्तव
अम्बेडकरनगर। शिवपुर (गयासपुर) के मूल निवासी एवं राजकीय हाई स्कूल जहाँगीरगंज के प्रधानाचार्य सुरेश लाल श्रीवास्तव आइकॉन ऑफ इण्डिया अवॉर्ड सहित कई अन्य अवॉर्ड से सम्मानित हुए। ग्लोबल एजुकेशन एण्ड मीडिया फॉउंडेशन द्वारा सुरेश लाल श्रीवास्तव को एक ओर जहाँ आइकॉन ऑफ इण्डिया अवॉर्ड 2024 से सम्मानित किया गया। वहीं स्वदेश संस्थान भारत, सागर कला भवन अयोध्या एवं भरत कुण्ड महोत्सव न्यास, जिला प्रशासन अयोध्या, प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा राम कथा पार्क अयोध्या में आयोजित ‘‘अयोध्या कला संस्कृति महाकुंभ‘‘ में इन्हें ‘‘स्वदेश भारत गौरव सम्मान 2023‘‘ से सम्मानित किया गया। इसके अलावा आपको एमटीटीवी इंडिया द्वारा आत्मनिर्भर भारत सम्मान 2024 की प्राप्ति हुई। बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की तरफ से भी साहित्य, शिक्षा, काव्य एवं मानव अधिकार आदि विषयों पर उत्कृष्ट लेख सृजन सन्दर्भ में यूएसए बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड 2024 प्राप्त करने वाले सुरेश लाल श्रीवास्तव को भारत सरकार द्वारा पंजीकृत वेईल फॉउंडेशन के अध्यक्ष राउल माथेव व अनुपमा लक्ष्मी के द्वारा राष्ट्र सेवा पुरस्कार 2024 की प्राप्ति हुई साथ ही भावना कला एवं साहित्य फॉउंडेशन द्वारा साहित्य शिरोमणि सम्मान 2024 से नवाजा गया। श्रीवास्तव की इन उपलब्धियों पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। इनकी उपलब्धियों के लिए शिक्षकों, समाज सेवियों तथा साहित्य सेवियों ने हार्दिक खुशी जताते हुए बधाई दी है। अपनी हर उपलब्धि के लिए पिता स्वर्गीय रामेश्वर लाल व माँ उर्मिला व गुरुजनों को श्रेय देते हैं। आपके अब तक 170 साझा संग्रह, 4 एकल संग्रह प्रकाशित होने के साथ-साथ 600 से अधिक लेख विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित हो चुके हैं।