टोल प्लाजा से गुजरा मुख्यमंत्री का काफिला, स्वागत का इंताजर करते रहे जिले के भाजपाई

अंबेडकरनगर। कटका टोल प्लाजा पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत का इंतजार कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओ को जोर का झटका लगा। मुख्यमंत्री का काफिला टोल प्लाजा से गुजर गया जिससे भाजपाई का मंसूबा धरा रह गया। विदित हो कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री आजमगढ़ जनपद के पवई थाना स्थित सालारपुर गांव से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से निकली गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने आए थे। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे को आम जनमानस को सौंपने के बाद उनका काफिला कटका टोल प्लाजा होकर गोरखपुर जाना था। उनके स्वागत के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ ही पूरे जनपद और आलापुर और जलालपुर के कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी थी। इतना ही नहीं जिलाधिकारी पुलिस अधीक्षक के साथ ही उपजिलाधिकारी तहसीलदार की टीम सुबह से व्यवस्था में जुटी थी। कटका थानाध्यक्ष प्रेम चंद जलालपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह फोर्स के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे। भाजपाई हाथ में पार्टी और भारत का झंडा लेकर उत्साहित थे। जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी, डॉ रजनीश सिंह, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राम किशोर राजभर, ब्लॉक प्रमुख भियांव गौरव सिंह ,जलालपुर नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि के साथ ही सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी टोल प्लाजा पर मुख्यमंत्री के अगुवानी करने को आतुर थे। पुलिस भी रस्सी बांध कर नेताओं को अगुवानी और स्वागत के लिए खड़ा कर दिया था। किंतु मुख्यमंत्री का काफिला बगैर रुके गोरखपुर की तरफ रवाना हो गया। मुख्यमंत्री के नहीं रुकने से भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मनमसोस कर वापस लौटना पड़ा। खुशी इस बात की रही कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे आम लोगों के लिए खोल दिया गया। 92 किलामीटर का यह रास्ता महज 50 मिनट में पूरा किया जा सकता है।